
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर । रक्षाबंधन के पावन पर्व पर विदेश में रहने वाले भाइयों तक राखी भेजने वाली बहनों के लिए डाक विभाग ने खास व्यवस्था शुरू की है। अब उन देशों में भी राखी भेजना आसान हो गया है, जहां निजी कूरियर कंपनियों की सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं।कानपुर हेड पोस्ट ऑफिस की पोस्ट असिस्टेंट सोनम गुप्ता ने बताया कि डाक विभाग ने राखी भेजने के लिए विशेष पीले और गुलाबी रंग के लिफाफे उपलब्ध कराए हैं, जिनकी कीमत मात्र 10 रुपये है। बहनों को इन लिफाफों में राखी पैक कर डाक टिकट और CN22 कस्टम डिक्लेरेशन फॉर्म लगाकर भेजना होगा।उन्होंने बताया कि इस सुविधा से कस्टम संबंधी परेशानियां काफी कम हो गई हैं। रूस, यूरोप समेत दुनिया के अधिकांश देशों में राखियां 10 से 15 दिनों के भीतर सुरक्षित पहुंच रही हैं। खास बात यह है कि जहां निजी कूरियर सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां भी भारतीय डाक विभाग के माध्यम से राखियां भेजी जा रही हैं।डाक विभाग के अनुसार, सबसे ज्यादा राखियों की बुकिंग अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा के लिए हो रही है। विदेश में रहने वाले भाई-बहनों के लिए यह सुविधा काफी राहत भरी साबित हो रही है। कम खर्च और आसान प्रक्रिया के कारण लोग बड़ी संख्या में डाक विभाग की राखी सेवा का लाभ उठा रहे हैं।