
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत केंद्र वाराणसी की ओर से संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोइराजपुर में आयोजित सात दिवसीय ‘वंदे मातरम शिविर’ में कैबिनेट मंत्री रविंद्र जायसवाल ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। शिविर में विभिन्न राज्यों से आए 150 से अधिक युवा प्रतिभाग कर रहे हैं।मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं और राष्ट्र के विकास में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अपनी नेतृत्व क्षमता पहचानने और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने काशी की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय चेतना के महत्व पर भी प्रकाश डाला।शिविर के दौरान प्रतिभागियों के लिए वाराणसी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के भ्रमण का आयोजन भी किया गया। इसके अलावा युवा योग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, बौद्धिक सत्रों और नेतृत्व विकास संबंधी गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करना है।