news-details

विशाखापट्टणम में संघ प्रेरित संगठनों की समन्वय बैठक संपन्न

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  विशाखापट्टणम। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रेरित विभिन्न संगठनों की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक विज्ञान विहार आवासीय विद्यालय परिसर, गुडिलोवा में संपन्न हुई। बैठक में 326 प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें 49 महिला प्रतिनिधि भी शामिल रहीं। सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की विशेष उपस्थिति रही।बैठक में देश और समाज की वर्तमान परिस्थितियों, सामाजिक कार्यों, भविष्य की चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। सह सरकार्यवाह सी.आर. मुकुंद ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सेवा एवं पुनर्वास कार्यों, विशेषकर असम बाढ़ में विभिन्न संगठनों के योगदान की समीक्षा की गई। संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता और सौहार्द के लिए हुए कार्यक्रमों पर भी विचार हुआ।बैठक में जनसांख्यिकीय परिवर्तन, युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, युवा आकांक्षाओं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विशेष चर्चा की गई। नशामुक्त समाज के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों, प्रशासन, पुलिस और सामाजिक संगठनों के समन्वित प्रयास पर जोर दिया गया।आत्मनिर्भर एवं पर्यावरण हितैषी विकास, ‘पंच परिवर्तन’, कुटुंब प्रबोधन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सामाजिक प्रभावों पर भी चर्चा हुई। लघु उद्योग भारती द्वारा इस वर्ष 41 हजार से अधिक लोगों को कौशल प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी साझा की गई। बैठक में 32 संघ प्रेरित संगठनों के कार्य विस्तार की आगामी योजनाओं पर भी मंथन हुआ।