news-details

वाराणसी में पुलिस कमिश्नर का बड़ा एक्शन, SOG-2 भंग; कई इंस्पेक्टर लाइन हाजिर

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने शनिवार रात क्राइम मीटिंग के बाद पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। निष्क्रियता और खराब प्रदर्शन के आरोपों के चलते एसओजी-2 यूनिट को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया। यूनिट में तैनात दरोगा समेत सभी पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय को भी लाइन हाजिर किया गया। उन पर एक युवती से जुड़े कथित लव जिहाद प्रकरण में लापरवाही बरतने के आरोप हैं। वहीं साइबर क्राइम थाने से गोपाल जी कुशवाहा को मिर्जामुराद का नया प्रभारी बनाया गया है। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा को सिगरा थाने की जिम्मेदारी दी गई, जबकि सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा को रामनगर भेजा गया। रामनगर के राजकिशोर पांडेय अब कैंट थाने की कमान संभालेंगे। पुलिस कमिश्नर के पीआरओ उपनिरीक्षक विकास सिंह को रोडवेज चौकी इंचार्ज नियुक्त किया गया है। पुलिस लाइन सभागार में हुई मासिक अपराध समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और जनसुनवाई की समीक्षा की गई। सीपी मोहित अग्रवाल ने साफ कहा कि वही अधिकारी पद पर बने रहेंगे, जिनका प्रदर्शन बेहतर होगा और जो जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करेंगे।