
PARDARSHI VIKASH NEWS वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित तुलसी घाट पर मंगलवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। गाजीपुर से बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए काशी आए 21 वर्षीय युवक की गंगा में स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बाहर निकाला गया।मृतक की पहचान गाजीपुर जिले के रेवतीपुर निवासी तुषार राय के रूप में हुई है। बताया गया कि तुषार अपने साथियों के साथ वाराणसी आया था। सभी ने पहले गंगा स्नान और फिर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन की योजना बनाई थी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तुषार स्नान करते समय सुरक्षा के लिए लगाई गई जेटी पार कर गंगा के गहरे हिस्से में पहुंच गया। घाट पर मौजूद लोगों ने उसे आगे जाने से रोका, लेकिन उसने बात नहीं मानी। कुछ देर बाद वह गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगा।स्थानीय लोगों के मुताबिक इन दिनों गंगा का जलस्तर कम है और बहाव भी सामान्य से धीमा है, जिसके चलते युवक काफी अंदर तक चला गया था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।