
PARDARSHI VIKASH NEWS वाराणसी के नमो घाट पर घूमने आए एक पर्यटक की बाउंसरों और गार्डों द्वारा कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोनभद्र निवासी 17 वर्षीय राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल के रूप में हुई है। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। घायल अवस्था में चिंटू को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गार्डों ने उसके साथ आए अन्य युवकों की भी बेरहमी से पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मृतक के साथी बृजेश गुप्ता ने बताया कि वे लोग सोनभद्र से वाराणसी दवा लेने और रिश्तेदार से मिलने आए थे। रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे नमो घाट पहुंचने पर गार्डों ने उन्हें रोका और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुछ देर बाद 10 से 12 गार्ड लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और हमला कर दिया। बृजेश के मुताबिक चिंटू को सबसे ज्यादा पीटा गया, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पांच युवक सोनभद्र से वाराणसी घूमने आए थे और नमो घाट के गेट नंबर-2 पर तैनात निजी सुरक्षा गार्डों से उनका विवाद हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।