news-details

वीर क्रांतिकारी नाट्य मंचन से गूंजा शहर, युवाओं में जगी राष्ट्रभक्ति की भावना

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत विद्यार्थी विभाग द्वारा स्थानीय शिवधाम बाला जी पार्क में “वीर क्रांतिकारी नाट्य मंचन” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम 19 अप्रैल 2026 को सायं 7 बजे शुरू हुआ, जिसकी शुरुआत दीप प्रज्वलन और भारत माता व अमर शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रांत कार्यवाह रामकेश, मुख्य वक्ता प्रांत प्रचारक श्रीराम, नगर संघचालक मार्कण्डेय, पूर्व नगर संघचालक लखन लाल मानव तथा पांचजन्य सेवा न्यास के अध्यक्ष कौशल किशोर शुक्ला मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे युवाओं को राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।नाट्य मंचन से पहले उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए प्रांत प्रचारक श्रीराम ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के वीर क्रांतिकारियों के जीवन और उनके बलिदान से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि मंचन के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने का प्रयास किया गया है, ताकि नई पीढ़ी अपने इतिहास को समझे और उससे प्रेरणा ले।

उन्होंने संघ द्वारा शताब्दी वर्ष के अवसर पर दिए गए “पंच परिवर्तन” का भी उल्लेख किया। इसमें सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी आधारित जीवन और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि इन आयामों का उद्देश्य समाज में जागृति लाना और देश को आत्मनिर्भर तथा सशक्त बनाना है।मुख्य अतिथि रामकेश ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को राष्ट्र के प्रति समर्पण और देशभक्ति की भावना से जोड़ते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर होते रहने चाहिए, ताकि युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की सही जानकारी मिलती रहे।कार्यक्रम के सफल आयोजन में कई स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन में आदर्श, सुनील, सनत कुमार, योगेंद्र सचान, ज्ञान, राम शिरोमणि, यश और प्रशांत सहित विद्यार्थी विभाग कानपुर दक्षिण के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।नाट्य मंचन में उमंग, बालादित्य, कार्तिकेय, उद्दीत, अभय, समीर और कवित सहित अन्य कलाकारों ने अपने अभिनय से क्रांतिकारियों के जीवन को जीवंत कर दिया। दर्शकों ने प्रस्तुति को खूब सराहा और कार्यक्रम के अंत तक बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।इस आयोजन के माध्यम से शहर में राष्ट्रभक्ति और इतिहास के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया, जिसे लोगों ने सराहते हुए ऐसे कार्यक्रमों की निरंतरता की आवश्यकता जताई।