news-details

वेल्डिंग के दौरान युवक की आंख में घुसी चिंगारी, दर्द से तड़पता रहा मजदूर

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS देवरिया के सलेमपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। वेल्डिंग का काम करते समय निकली चिंगारी एक मजदूर की आंख में जा घुसी, जिससे उसकी आंख गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे के बाद युवक दर्द से तड़पता रहा और काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।जानकारी के मुताबिक चंदौली जनपद के बीकापुर निवासी सुजीत कुमार अपने साथी विक्की के साथ रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य में वेल्डिंग का काम कर रहा था। सोमवार रात करीब 11 बजे काम के दौरान उसने सुरक्षा चश्मा नहीं पहन रखा था। इसी दौरान वेल्डिंग से निकली तेज चिंगारी सीधे उसकी आंख की पुतली में जा लगी। चिंगारी लगते ही वह जोर-जोर से दर्द से कराहने लगा।घटना के बाद मौके पर मौजूद साथी मजदूर और स्थानीय लोग उसे पास की एक चाय की दुकान तक ले गए। वहां से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन आंख में तेज जलन और दर्द के कारण युवक काफी देर तक अस्पताल परिसर के बाहर जमीन पर बैठकर तड़पता रहा।रेलवे स्टेशन से पहुंचे कुछ लोगों ने उसकी आंखों पर पानी डालकर राहत पहुंचाने की कोशिश की। करीब दो घंटे तक युवक दर्द से परेशान रहा। घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे अन्य मजदूरों में भी दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने रेलवे निर्माण कार्य में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं और सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने की मांग की है।