
कानपुर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के शुभारंभ अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ की ओर से प्रोफेसर एच.एन. मिश्रा कॉलेज ऑफ एजुकेशन में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. दिवाकर मिश्र ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान "एक पेड़ मां के नाम" थीम के तहत भी संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संदेश दिया जा रहा है।इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज प्रजापति, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण और स्वच्छ पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सतत जिम्मेदारी है।