news-details

विकास, कृषि शिक्षा और रोजगार का बनेगा नया केंद्र:मुख्यमंत्री

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर के तमकुहीराज एवं फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान 424.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 91 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 187 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा बिना किसी भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपद है। भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली होने के साथ-साथ यह क्षेत्र अब शिक्षा, कृषि और रोजगार के नए केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और युवाओं के लिए आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे किसानों को नई कृषि तकनीकों की जानकारी मिलेगी तथा युवाओं को क्षेत्र में ही रोजगार और शिक्षा के अवसर प्राप्त होंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और निवेश तथा रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। पूर्व की सरकारों में पूर्वांचल की उपेक्षा की जाती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मेडिकल कॉलेज और लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन कृषि विश्वविद्यालय विकास की नई पहचान बन रहे हैं।जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जनपद के लगभग नौ लाख लोग आयुष्मान भारत योजना का लाभ ले रहे हैं। किसानों को किसान सम्मान निधि प्रदान की जा रही है तथा हजारों पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के तहत पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुसहर एवं अन्य वंचित वर्गों के लिए भी बड़े पैमाने पर आवास निर्माण कराया गया है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र और सहायता सामग्री वितरित की। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, सांसद रवि किशन शुक्ला, सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, विधायक डॉ. असीम कुमार राय, पीएन पाठक, सुरेंद्र कुमार कुशवाहा, मनीष जायसवाल, विवेकानंद पांडेय, मोहन वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कृषि विश्वविद्यालय से बदलेगी पूर्वांचल की तस्वीर: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को निर्माणाधीन गौतम बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू करने की तैयारी की जा रही है। स्थायी भवन तैयार होने तक कक्षाएं अस्थायी भवन में संचालित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विश्वविद्यालय कृषि अनुसंधान, आधुनिक तकनीक और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे पूर्वांचल के किसानों को सीधे लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि उन्नत खेती, शोध और नई तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुशीनगर में तेजी से आधारभूत ढांचे का विकास हो रहा है। गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे, नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा क्षेत्र के विकास को नई गति देंगे। साथ ही फूड प्रोसेसिंग इकाइयों की स्थापना से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।