
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज। कौंधियारा थाना क्षेत्र के रौंहा गांव में उधार के रुपये मांगने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पीड़ित महिला दुकानदार ने पड़ोस की महिला पर मारपीट, जान से मारने की धमकी और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।रौंहा गांव निवासी कोमल देवी, पत्नी दीपक विश्वकर्मा, ने बताया कि वह किराने की दुकान चलाती हैं। उनके अनुसार, पड़ोस में रहने वाली नीलम विश्वकर्मा ने दुकान से उधार पर सामान लिया था, जिसकी कीमत करीब तीन हजार रुपये थी। काफी समय बाद जब उन्होंने उधार की रकम मांगी, तो इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।पीड़िता का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनके हाथ में चोटें आईं। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति दीपक विश्वकर्मा के साथ भी मारपीट की गई। साथ ही पूरे परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।घटना के बाद कोमल देवी ने कौंधियारा थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला पुलिस जांच के अधीन है।