
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। नगर पंचायत अमेठी के अन्तर्गत जल निकासी की समस्या और टेंडर होने के बाद भी नाले का निर्माण न पूरा होने की शिकायत के सम्बन्ध में मंगलवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष महेश सोनी ने शपथ पत्र के साथ दुबारा शिकायत प्रस्तुत की है । उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने सभी मामलों की जांच कराने और अवशेष कार्यों को पूरा कराने की मांग की। मंगलवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने उपजिलाधिकारी को शपथ पत्र सहित शिकायती पत्र सौंपा है।लगभग 15 दिन पूर्व अमेठी श्मशान घाट की भूमि की पैमाइश कराने एवं बरसात से पहले जल निकासी की समस्या के समाधान को प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। गौरीगंज रोड स्थित देवीपाटन मंदिर से आरआरपीजी कॉलेज तक नाला निर्माण कार्य का टेंडर होने के बावजूद आज तक कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। जितना नाला निर्माण हुआ है, उतना ही भुगतान किया गया है, लेकिन व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने सवाल उठाया कि लगभग 5 वर्ष पूर्व हुए टेंडर का निर्माण कार्य आज तक पूर्ण क्यों नहीं हो सका है।महेश सोनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी अमेठी प्रशासन की होगी। इस मौके पर वरिष्ठ जिला महामंत्री सुशील जायसवाल, राहुल लोहिया, संदीप अग्रहरि, विकास सरोज आदि व्यापारी मौजूद रहे।