news-details

उद्योग बंधु बैठक में सख्ती: लंबित फाइलों पर CDO नाराज़, बिजली व अतिक्रमण मुद्दों पर कड़े निर्देश

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kushinagar

 विकास भवन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं इन्वेस्टर समिट समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने प्रशासनिक ढिलाई पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निवेश प्रस्तावों और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित फाइलों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। समय सीमा पार कर चुके 4 मामलों और 36 अन्य आवेदनों पर संबंधित विभागों से स्पष्टीकरण तलब किया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि ‘जीरो पेंडेंसी’ के सिद्धांत पर काम करते हुए सभी आवेदनों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।

बिजली विभाग की कार्यशैली भी बैठक में सवालों के घेरे में रही। उद्यम पब्लिक स्कूल के पास लटकते बिजली के तारों को लेकर CDO ने सख्त नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होगा। इसके अलावा मे. विशाल ट्रेडिंग में मीटर न लगने और सरगटिया औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं पर भी संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई गई।

औद्योगिक क्षेत्रों के संपर्क मार्गों पर अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। फाजिलनगर और जईछपरा में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को लेकर CDO ने राजस्व और नगर पंचायत अधिकारियों को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर पैमाइश कर मार्ग खाली कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि उद्यमियों को इकाइयों के संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।

निवेश और रोजगार सृजन पर जोर देते हुए बैठक में बताया गया कि GBC-5.0 के तहत जिले को 1200 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य मिला है, जिसमें से अब तक लगभग 584 करोड़ रुपये के निवेश की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत भेजे गए ऋण आवेदनों पर CDO ने लीड बैंक मैनेजर को प्रक्रिया सरल और तेज करने के निर्देश दिए, ताकि युवाओं को समय पर स्वरोजगार मिल सके।

बैठक में उपायुक्त उद्योग, अधिशासी अभियंता विद्युत, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी तथा जिले के प्रमुख उद्यमी मौजूद रहे।