
पारदर्शी विकास न्यूज़। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) 2026 के पहले दिन गुरुवार को पहली पाली की परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हुई। परीक्षा से पहले सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और रेटिना स्कैन किया गया। कई जिलों में महिला अभ्यर्थियों से चूड़ियां, पायल, हेयरपिन और चेन उतरवाई गईं, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की बेल्ट, गमछा, टोपी और अन्य सामान बाहर रखवाकर ही प्रवेश दिया गया। प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर कुल 19.94 लाख अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। इनमें 17.67 लाख उत्तर प्रदेश के और 2.27 लाख अन्य राज्यों के अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा को नकलमुक्त बनाने के लिए प्रश्नपत्रों के बॉक्स पर वन-टाइम डिजिटल लॉक और कलर-कोडिंग जैसी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पहली पाली के बाद अधिकांश अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को सामान्य स्तर का बताया, हालांकि कुछ परीक्षार्थियों ने गणित के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन होने की बात कही। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है।