news-details

उन्नाव नगर पालिका परिसर में होमगार्ड और युवक के बीच मारपीट, वीडियो वायरल

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव नगर पालिका परिषद परिसर में शनिवार को एक होमगार्ड और एक युवक के बीच तीखी नोकझोंक के बाद विवाद बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया है।घटना सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित नगर पालिका परिसर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, होमगार्ड संजय और एक अधिवक्ता के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसके बाद स्थिति धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गई।मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।घटना के चलते परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वहां मौजूद कर्मचारी, अधिवक्ता व अन्य लोग इकट्ठा हो गए। बाद में लोगों के समझाने पर स्थिति सामान्य हो गई।वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और हाथापाई स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।सदर कोतवाली क्राइम इंस्पेक्टर राजेश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यदि किसी पक्ष की ओर से तहरीर मिलती है तो आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।