news-details

उन्नाव में सपा की पदयात्रा, गूंजे ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  उन्नाव। समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ और ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत शहर में पदयात्रा निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर सड़क पर उतरे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ’, ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाए गए। पदयात्रा में सपा की राष्ट्रीय महासचिव अन्नू टंडन, जिलाध्यक्ष जयचंद्र विमल, पूर्व विधायक उदयराज यादव और पूर्व सांसद वीरेंद्र शुक्ला समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। दोपहर करीब 12 बजे कार्यकर्ता जुटने लगे। पदयात्रा से पहले नेताओं ने पन्नालाल पार्क पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद पार्टी कार्यालय से मार्च शुरू हुआ, जो हरदोई पुल, बड़ा चौराहा और कचहरी पुल होते हुए बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पहुंचा, जहां समापन हुआ। सपा नेताओं ने मतदाता सूची, मताधिकार और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाते हुए कहा कि मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी।