news-details

उन्नाव में स्व-गणना अभियान को लेकर प्रशासन सक्रिय, 7500 कर्मी तैनात

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव में चल रहे स्व-गणना अभियान के संबंध में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित की। उन्होंने बताया कि जनगणना अभियान के तहत स्व-गणना कार्यक्रम 7 मई को शुरू हुआ था और यह 21 मई तक चलेगा। इस प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य जिले के निवासियों को अभियान से जोड़ना और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार को सुनिश्चित करना था।जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि इस अभियान के लिए जिले में लगभग 7500 प्रगणक और सुपरवाइजर तैयार किए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लोग स्व-गणना अभियान से जुड़ें और नागरिक स्वयं तथा अपने परिवार का पंजीकरण कर सकें। नागरिकों को अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल sc.census.gov.in पर भरनी होगी।डीएम ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन विभिन्न वर्गों के लोगों को शामिल कर रहा है। इसके तहत जनप्रतिनिधियों, किसानों, शिक्षकों, चिकित्सा कर्मियों, मीडिया प्रतिनिधियों और समाज के अन्य वर्गों के लिए अलग-अलग थीम-आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को मीडिया कर्मियों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को मजबूत करने के लिए पंचायत सहायकों को प्रशिक्षित किया गया है। पंचायत भवनों में ग्रामवासियों को बुलाकर स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है और उन्हें स्वयं पंजीकरण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों के सभापति, वार्ड पार्षद, टैक्स कलेक्टर और अन्य कर्मचारियों को भी इस अभियान में लगाया गया है।व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नगर निकायों के वाहनों में ऑडियो क्लिपिंग्स चलाई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स, बैनर और अन्य प्रचार सामग्री लगाई गई है ताकि अभियान की जानकारी अधिकतम लोगों तक पहुंच सके। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन इस अभियान को एक महाअभियान के रूप में चला रहा है, जिसका उद्देश्य प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के "हर व्यक्ति को जोड़ने" के दृष्टिकोण को साकार करना है।