
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव में मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां 1100 से अधिक मरीजों ने पंजीकरण कराकर उपचार कराया। सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके तीमारदारों की लंबी कतारें लगी रहीं। अधिकांश लोग जुकाम, बुखार, डायरिया और बदन दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार, बदलते मौसम और बढ़ती उमस के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों में सबसे ज्यादा असर देखा जा रहा है। अस्पताल में भीड़ के चलते पर्चा काउंटर पर लंबा इंतजार करना पड़ा, जबकि इमरजेंसी वार्ड में भी मरीजों की संख्या बढ़ गई। डॉक्टरों ने मरीजों को दवाएं देने के साथ साफ-सफाई रखने, बाहर का दूषित भोजन न खाने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।