
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव में 21 मई को होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र समय से पहुंचाने और सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कक्ष निरीक्षकों और सुरक्षा कर्मियों को सख्त चेकिंग के आदेश दिए गए हैं।केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, शौचालय, बैग जमा करने की सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। महिला परीक्षार्थियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो कॉपी की दुकानों को बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे किसी भी तरह की अनियमितता रोकी जा सके।प्रशासन के अनुसार, परीक्षा 21 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2688 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।