news-details

उन्नाव में गंगा रेलवे पुल पर एचबीम स्लीपर लगाने का काम पूरा

You can share this post!

 

PARADRSHI VIKASH NEWS  उन्नाव में गंगा नदी पर बने रेलवे पुल पर एचबीम स्लीपर लगाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। 42 दिनों तक चले इस महत्वपूर्ण कार्य के बाद अब पुल पर ट्रेनों का संचालन गुरुवार से सावधानीपूर्वक शुरू किया जाएगा। रेलवे विभाग द्वारा ‘मिशन रफ्तार’ के तहत चलाए जा रहे इस प्रोजेक्ट में कुल 1709 एचबीम स्लीपर लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य ट्रेनों की गति बढ़ाना और रेलवे ट्रैक को अधिक सुरक्षित एवं मजबूत बनाना है। वहीं लंबे समय से रद्द चल रही सीतापुर पैसेंजर ट्रेन को भी दोबारा शुरू कर दिया गया है।रेलवे के जूनियर इंजीनियर अखिलेश पाठक ने बताया कि ब्लॉक के दौरान पुल पर मैटेरियल शिफ्टिंग, ट्रफ हटाने, सेंटल सेट की वेल्डिंग और अन्य तकनीकी कमियों को दूर करने का कार्य तेजी से किया गया। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं और सुरक्षा मानकों की जांच के बाद गुरुवार से ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। शुरुआती चरण में ट्रेनों को 15 किलोमीटर प्रति घंटे की सावधानी गति के साथ पुल से गुजारा जाएगा। अप लाइन पर 75 किलोमीटर प्रति घंटे और डाउन लाइन पर 15 किलोमीटर प्रति घंटे का कॉशन लगाया गया है। रेलवे विभाग का कहना है कि इस कार्य से भविष्य में ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने में मदद मिलेगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा। गंगा नदी पर बना यह रेलवे पुल बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री ट्रेनें और मालगाड़ियां गुजरती हैं। कार्य के दौरान ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ था, लेकिन अब काम पूरा होने के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली है।