
PARDARSHI VIKASH NEWS पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता सुजीत बोस को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नगर निगम भर्ती घोटाले के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। सुजीत बोस अपने बेटे समुद्र बोस के साथ सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे ED कार्यालय पहुंचे थे, जहां उनसे लगभग 10 घंटे तक पूछताछ की गई। इसके बाद रात में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।सुजीत बोस पर आरोप है कि उन्होंने 2014 से 2018 के बीच साउथ दमदम नगर निगम में करीब 150 लोगों की अवैध भर्ती कराई थी। जांच एजेंसियों का कहना है कि इसके बदले में उनसे पैसे और फ्लैट लिए गए थे। उस समय वे दमदम नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद पर थे।बिधाननगर से तीन बार विधायक रह चुके सुजीत बोस हाल ही में विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार से 37 हजार से अधिक वोटों से हार गए थे।ED की कार्रवाई से पहले सुजीत बोस को चुनाव प्रचार के दौरान कई नोटिस जारी किए गए थे। 6 अप्रैल को भी उन्हें समन मिला था, लेकिन उन्होंने चुनावी व्यस्तता का हवाला देते हुए पेशी से छूट मांगी थी। बाद में 1 मई को वे जांच एजेंसी के सामने पेश हुए थे।इसके बाद 11 दिन के भीतर दूसरी बार पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले ED और CBI ने भी उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी।पश्चिम बंगाल की राजनीति में यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब राज्य में राजनीतिक हलचल तेज है। हाल के दिनों में सरकार गठन, विभागों के बंटवारे और SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर भी विवाद जारी है। TMC ने 31 सीटों के नतीजों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है, जबकि विपक्ष लगातार राज्य सरकार पर सवाल उठा रहा है।सुजीत बोस की गिरफ्तारी को राज्य की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में सियासी माहौल और गर्म हो सकता है।