
पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक क्षेत्र के सिरसिया बुजुर्ग गांव में पिछले दस वर्षों से क्षतिग्रस्त कच्ची सड़क दर्जनों किसानों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। वर्षों से शिकायतें किए जाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा गंभीरता से संज्ञान नहीं लेने से किसानों को आज भी आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।गांव के पूर्वी हिस्से में स्थित यह कच्ची सड़क पुल से होकर खेल मैदान तक जाती है और दर्जनों किसानों की खेती-किसानी का मुख्य संपर्क मार्ग है। किसानों का कहना है कि करीब एक दशक से इस सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। बरसात के दिनों में सड़क पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ हो जाने से खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है, जिससे कृषि कार्य प्रभावित होते हैं।इस मार्ग से गांव के ओजीर, गुड्डू, पारसनाथ, मैनुद्दीन, बतरू, सतेन्द्र, मोमीन, संत कुमार, राजेश्वर, शंकर, वसिष्ठ, रामभरोसा, नंदलाल, रामबचन, गणेश, राधेश्याम सहित दर्जनों किसानों की खेती जुड़ी हुई है। किसानों ने प्रशासन से सड़क को खड़ंजा या पक्की सड़क में परिवर्तित कराने की मांग की है।इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक विवेकानन्द पाण्डेय ने कहा कि किसानों की समस्या को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।