
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। कसया नगर के नहर बाईपास मार्ग पर बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।जानकारी के अनुसार, कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सखवनिया बुजुर्ग निवासी 30 वर्षीय देवेंद्र सिंह पुत्र अवधेश सिंह वर्तमान में पडरौना के छावनी क्षेत्र में रह रहे थे। बुधवार को वह किसी कार्य से बाइक से कसया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान परसौनी गांव के समीप नहर बाईपास मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि देवेंद्र सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी।सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।मामले में हल्का दरोगा उदयभान मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान और उसकी तलाश में जुटी हुई है।