news-details

देवरिया से मुकेश सहनी का बड़ा ऐलान

You can share this post!

 

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो

देवरिया।

 

उत्तर प्रदेश में निषाद समाज के आरक्षण को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख एवं बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने बुधवार को देवरिया में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि अगले महीने से पूरे उत्तर प्रदेश में 'निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा' निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश के हर जिले, गांव, कस्बे और टोले तक पहुंचकर निषाद समाज के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा गंगाजल हाथ में लेकर यह संकल्प दिलाया जाएगा कि यदि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज को आरक्षण नहीं मिलता है तो भाजपा के विरोध में मतदान किया जाएगा।

 

रुद्रपुर मोड़ स्थित कामना मैरिज हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद समाज लंबे समय से अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित है। कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद समाज को उसका अधिकार नहीं मिला, जिससे लोगों में निराशा है। उन्होंने कहा कि अब समाज अपने अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती के साथ लड़ेगा और किसी भी स्थिति में पीछे नहीं हटेगा।

 

मुकेश सहनी ने आरोप लगाया कि लखनऊ में उन्हें लगातार चार दिनों तक बिना किसी वैधानिक कारण के हाउस अरेस्ट रखा गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों और कार्यक्रम स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात कर उनके कार्यक्रमों में बाधा डालने का प्रयास किया गया, लेकिन इससे कार्यकर्ताओं का उत्साह कम होने के बजाय और बढ़ा है।

 

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. संजय निषाद से अपील करते हुए कहा कि यदि वे वास्तव में निषाद समाज का हित चाहते हैं तो वर्ष 2027 से पहले समाज को आरक्षण दिलाएं, अन्यथा मंत्री पद से इस्तीफा देकर आंदोलन का हिस्सा बनें। उन्होंने जातीय जनगणना के आधार पर आबादी के अनुपात में आरक्षण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग भी दोहराई।

 

प्रेस वार्ता के दौरान मुकेश सहनी ने स्पष्ट किया कि विकासशील इंसान पार्टी का आंदोलन किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि निषाद समाज के सम्मान, अधिकार और संविधान प्रदत्त न्याय की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर समाज को संगठित किया जाएगा और आरक्षण की मांग को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।

 

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सहनी, रमेश केवट, सोनू निषाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक प्रतिनिधि और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।