
विकास राजनीति से ऊपर:अमिताभ बाजपेई
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने एक अनोखी पहल करते हुए दिवंगत भाजपा पार्षद दीपक शर्मा की पत्नी दीपा शर्मा से कंपोजिट सरकारी स्कूल में बनी स्मार्ट क्लासों का लोकार्पण कराया। यह कार्यक्रम चौक स्थित सवाई सिंह हाता के प्राथमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। विधायक ने बताया कि स्कूल में तीन स्मार्ट क्लास उनकी विधायक निधि से लगभग 25 लाख रुपये की लागत से तैयार कराई गई हैं। इन कक्षाओं को आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है, जिससे बच्चों को डिजिटल शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दिवंगत पार्षद दीपक शर्मा ने अपने कार्यकाल में इस विकास कार्य के लिए सहमति दी थी और हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शिक्षा और विकास के कार्यों में सहयोग किया। इसी कारण उनके सम्मान में उनकी पत्नी दीपा शर्मा से लोकार्पण कराया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कहा कि यदि भविष्य में दीपा शर्मा वार्ड से चुनाव लड़ती हैं तो उनकी ओर से कोई प्रत्याशी नहीं उतारा जाएगा, ताकि विकास कार्यों की परंपरा जारी रहे। सवाई सिंह हाता स्थित यह विद्यालय वर्ष 1930 में स्थापित हुआ था। वर्तमान में यहां कक्षा 1 से 8 तक लगभग 110 बच्चे अध्ययनरत हैं। पहले यह विद्यालय जर्जर हालत में था और बच्चों की संख्या मात्र 17 थी, लेकिन धीरे-धीरे सुधार और विकास कार्यों के बाद विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी। विद्यालय में कक्षाओं के नाम महापुरुषों जैसे भगत सिंह और डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के नाम पर रखे गए हैं। बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ प्रेरणादायक माहौल देने के लिए कक्षाओं की सजावट ट्रेन के डिब्बों की तरह की गई है। विद्यालय के प्रधानाचार्य रामकृष्ण शुक्ल ने बताया कि स्कूल का वातावरण बेहतर होने से बच्चों की उपस्थिति और रुचि दोनों बढ़ी है। स्थानीय निवासी राजन पांडे ने भी स्कूल से अपने पुराने जुड़ाव को साझा करते हुए इसके विकास पर खुशी जताई।
स्कूल से जुड़ी खास जानकारी
सवाई सिंह हाता का यह स्कूल साल 1930 में अंग्रेजों के समय का बना हुआ है। वर्तमान प्रधानाचार्य ने बताया कि वह साल 2017 में यहां आए थे। उस समय स्कूल की बिल्डिंग पूरी तरह जर्जर थी और स्कूल में केवल 17 बच्चे थे। इसके बाद नियमित रूप से कक्षाएं लगाना शुरू किया गया, तो बच्चों की संख्या बढ़ने लगी। विभागीय अधिकारियों से लगातार बात कर यहां की बिल्डिंग ठीक कराई गई।