
Pardarshi Vikas News Amethi
नौगिरवा विद्युत उपकेंद्र से संचालित परतोष पुलिस चौकी समेत आसपास के करीब 10 से 15 घरों की बिजली पिछले दो दिनों से गुल है। कई बार शिकायत के बावजूद अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है, जिससे लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। शिकायत के बाद भी न तो मौके पर कोई कर्मचारी पहुंचा और न ही मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।
भीषण गर्मी में बिजली न होने से पानी, पंखा और अन्य जरूरी सुविधाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं। लोगों का कहना है कि जब पुलिस चौकी तक अंधेरे में है, तब आम उपभोक्ताओं की समस्या का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
ग्रामीणों ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।