
Pardarshi Vikas News Gonda
जिले में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिले के दो थाना अध्यक्षों का तबादला गोरखपुर रेंज में कर दिया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन के आदेश पर मनकापुर कोतवाल अरविंद कुमार सिंह और कटरा बाजार थाना अध्यक्ष विवेक कुमार त्रिवेदी को गोंडा देवीपाटन रेंज से हटाकर गोरखपुर रेंज भेजा गया है।
तबादला आदेश जारी होने के बाद दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर गोरखपुर में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि गोरखपुर जिले में निरीक्षकों की कमी को देखते हुए इन अधिकारियों की तैनाती की मांग की गई थी। गैर-जोन तबादले के लिए निरीक्षकों की सूची मांगी गई थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।
विवेक कुमार त्रिवेदी गोंडा जिले में कई महत्वपूर्ण थानों पर तैनात रह चुके हैं। इससे पहले वे तरबगंज और इटियाथोक थाना अध्यक्ष के पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं। नगर कोतवाली में तैनाती के दौरान उन्होंने कई अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सुर्खियां बटोरी थीं। वर्तमान में वे कटरा बाजार थाना अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे।
वहीं अरविंद कुमार सिंह इससे पहले धानेपुर थाना अध्यक्ष के रूप में तैनात रहे। बाद में उन्हें मनकापुर कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब उन्हें मनकापुर से गोरखपुर स्थानांतरित किया गया है।
गोंडा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने दोनों अधिकारियों के तबादले की पुष्टि करते हुए बताया कि आदेशानुसार उन्हें गोरखपुर के लिए रिलीव कर दिया गया है। इस तबादले के बाद जिले में नए प्रभारियों की नियुक्ति जल्द होने की संभावना है।