
PARDARSHI VIKASH NEWS देशभर में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम बदलने के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 15 से अधिक राज्यों में बारिश और तेज आंधी की संभावना है। बिहार के 32 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं राजस्थान के जयपुर सहित 11 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।गर्मी का सबसे ज्यादा असर राजस्थान और महाराष्ट्र में देखने को मिला। श्रीगंगानगर में तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि नागपुर में लगातार 46 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। नागपुर में पिछले तीन दिनों में सार्वजनिक स्थानों पर 16 लोगों के शव मिलने से प्रशासन ने हीटवेव से मौत की आशंका जताई है।मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई से 5 जून तक देश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में भी अगले दो दिनों में मौसम बदलने के आसार हैं।विशेषज्ञों का कहना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमीय सिस्टम के कारण देशभर में बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं। मौसम विभाग ने लोगों को तेज गर्मी और आंधी के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।