news-details

दिल्ली पहुंचते ही फ्लाइट के अंदर हिरासत में लिए गए कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में होना था शामिल

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को मुंबई से दिल्ली पहुंची फ्लाइट के अंदर से ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके साथ पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को भी पुलिस अपने साथ ले गई। तीनों मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे।घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी फ्लाइट के अंदर अभिजीत दीपके और उनके साथियों को बाहर आने के लिए कहती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में दीपके हिरासत की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे तानाशाही बताते हैं। वह कहते सुनाई देते हैं कि उन्हें फ्लाइट के अंदर ही हिरासत में लिया जा रहा है और वे इससे डरने वाले नहीं हैं।वीडियो में दीपके पुलिसकर्मियों से कहते हैं कि वे गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं। इस पर एक महिला पुलिसकर्मी जवाब देती हैं कि यह गिरफ्तारी नहीं है और उनसे सहयोग करने का अनुरोध करती हैं। इसके बाद दीपके और उनके साथियों ने फ्लाइट के अंदर ‘भारत माता की जय’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए।इस दौरान दीपके और आशुतोष रांका ने पुरुष पुलिसकर्मियों को आगे करने की बात कही। महिला पुलिसकर्मी लगातार उनसे फ्लाइट से बाहर आने का अनुरोध करती रहीं। बाहर ले जाने से पहले दीपके ने अपना फोन और बैग लेने की बात भी कही। बाद में पुलिस तीनों नेताओं को फ्लाइट से बाहर ले गई।वीडियो में दीपके पुलिस से यह सवाल करते भी सुनाई देते हैं कि उन्हें किस जेल में रखा जाएगा। उन्होंने एनएसए या यूएपीए जैसी धाराएं लगाए जाने का जिक्र करते हुए अपनी गिरफ्तारी को लेकर चुनौतीपूर्ण अंदाज में बात की। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने पर ही हिरासत के कारणों और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।