
PARDARSHI VIKASH NEWS मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीतामऊ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार रेनॉल्ट ट्राइबर कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुस गई, जिससे कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना सुबह करीब 11 बजे हुई।पुलिस के अनुसार कार में छह लोग सवार थे, जो महाराष्ट्र के औरंगाबाद से दिल्ली की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग करीब एक घंटे तक अंदर फंसे रहे। हादसे के बाद राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकाला गया।घायलों को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में रवींद्र काले और सचिन गंगाधर गजभारे की पहचान हुई है, जबकि अन्य मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और निगरानी प्रणाली की मदद से उसकी तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।