
कानपुर। दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को बार-लॉयर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर घटना के विरोध में आवाज बुलंद की। दोपहर करीब 12:30 बजे एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मोहम्मद तौहीद और पूर्व अध्यक्ष रविंद्र शर्मा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने घटना की न्यायिक जांच कराने, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कई अधिवक्ता हाथों में संविधान की प्रतियां लेकर पहुंचे और शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।बार-लॉयर्स एसोसिएशन की वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोनल पाठक ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं पर कथित लाठीचार्ज बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।उपाध्यक्ष मोहम्मद तौहीद ने कहा कि छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई को लेकर देशभर में आक्रोश है। उन्होंने प्रधानमंत्री से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेने की मांग भी उठाई।प्रदर्शन में भगवत दास, विवेक सिंह, अनिल बाबू चौधरी, अभय त्रिपाठी, राकेश कुशवाहा, हेमंत यादव, रमाकांत मिश्रा, प्राणनाथ मिश्रा, महेंद्र सिंह दोहरे सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।