news-details

दिल्ली जा रहे वनवासी कार्यकर्ताओं का गोविंदपुरी स्टेशन पर भव्य स्वागत

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भारत के गौरवशाली वनवासी समाज के सम्मान एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहे 2 लाख वनवासी कार्यकर्ताओं के वृहद सम्मेलन में सम्मिलित होने हेतु देश के विभिन्न क्षेत्रों से जा रहे वनवासी समाज के बन्धुओं एवं भगिनियों का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, कानपुर महानगर द्वारा गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। परिषद कार्यकर्ताओं द्वारा यात्रियों के लिए भोजन, जल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ भी सुनिश्चित की गईं। इस अवसर पर कानपुर महानगर के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा सभी ने आत्मीय भाव से अतिथियों का स्वागत कर सेवा, समर्पण एवं संगठन की भावना के साथ व्यवस्थाओं को सफल बनाया। कार्यकर्ताओं ने यात्रियों को भोजन वितरण करने के साथ-साथ उनकी यात्रा संबंधी आवश्यकताओं में भी सहयोग प्रदान किया। इस दौरान स्टेशन भारत माता की जय एवं वंदे मातरम् के उद्घोषों से गुंजायमान रहा। परिषद कार्यकर्ताओं ने यात्रियों का पुष्प वर्षा एवं अभिनंदन कर भारतीय संस्कृति की अतिथि सत्कार परंपरा को भी जीवंत किया।कार्यक्रम के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र कार्यकर्ताओं ने अनुशासित ढंग से व्यवस्थाओं का संचालन किया तथा यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा। परिषद द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी सराहना की।प्रान्त मंत्री दिनेश यादव ने कहा कि, “वनवासी समाज भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं राष्ट्र चेतना का अभिन्न अंग है। उनका संघर्ष, त्याग एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान सदैव प्रेरणादायी रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान एवं सहयोग हेतु प्रतिबद्ध है।महानगर मंत्री सुधांशु त्रिपाठी ने कहा कि, कानपुर महानगर के कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा एवं संगठन की भावना से यह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित एवं सामाजिक समरसता के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।