
PARDARSHI VIKASH NEWS दिल्ली के महरौली क्षेत्र में पांच मंजिला इमारत ढहने की घटना में गोंडा जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र के रामापुर गांव निवासी 25 वर्षीय रवि प्रकाश वर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा शनिवार देर शाम हुआ, जिसमें कई लोग मलबे में दब गए थे। गंभीर रूप से घायल रवि को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।रवि प्रकाश वर्मा ने रूस से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और इन दिनों दिल्ली में रहकर पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) की तैयारी कर रहे थे। उनका सपना एक सफल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना था, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण हादसे ने उनके सपनों को अधूरा छोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही रवि के पिता रामप्रकाश वर्मा अपने परिजनों के साथ दिल्ली पहुंचे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार सुबह रवि का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव रामापुर लाया गया। शव गांव पहुंचते ही परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार उनके घर पहुंचे।रवि अपने परिवार के पांच भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर थे। उनके परिवार में बड़ी बहन शिवानी, दो छोटे भाई सत्यम और सुंदरम तथा छोटी बहन सुभी हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाद में अयोध्या में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां परिजनों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।रवि की असमय मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने उन्हें एक मेधावी और मेहनती छात्र बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी लगन और प्रतिभा से परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन किया था।