
PARDARSHI VIKASH NEWS मथुरा। दिल्ली में होटल में आग लगने की घटना के बाद मथुरा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान 33 होटल और गेस्ट हाउसों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 6 संस्थान सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं पाए जाने पर उन्हें बंद करने के निर्देश दिए गए।नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अरुण कुमार सिंह और पर्यटन विभाग की टीम ने धौलीप्याऊ, मयूर विहार और मालगोदाम रोड क्षेत्र में स्थित होटलों की औचक जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल संचालकों में हड़कंप मच गया।निरीक्षण के दौरान टीम ने फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्ग, भवन संरचना, विद्युत सुरक्षा और सीसीटीवी व्यवस्था की विस्तृत जांच की। इसके साथ ही सराय एक्ट के तहत पंजीकरण, अग्निशमन विभाग की एनओसी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति और अन्य वैधानिक दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया।जांच में कई जगह गंभीर खामियां सामने आईं, जहां न तो पर्याप्त फायर सेफ्टी उपकरण मिले और न ही जरूरी अनुमति दस्तावेज मौजूद थे। ऐसे 6 होटल और गेस्ट हाउस को तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश दिए गए।नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध और असुरक्षित संचालन करने वाले संस्थानों पर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।