
PARDARSHI VIKASH NEWS दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश होटल में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में गिरफ्तार सह-मालिक लवकेश बजाज ने पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस के अनुसार, आग लगने के दौरान वह अपनी कार से जलती इमारत के पास से गुजरा, लेकिन लोगों की मदद करने के बजाय वहां से चला गया। उसने स्वीकार किया कि वह डर गया था और घटना के बाद न तो किसी की सहायता की और न ही अपने घर गया, बल्कि शहर में इधर-उधर घूमता रहा।बुधवार सुबह हुए इस भीषण हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में भारतीय नागरिकों के साथ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि होटल में अग्नि सुरक्षा के गंभीर उल्लंघन थे। भवन में प्रवेश और निकास का केवल एक रास्ता था, खिड़कियां बंद थीं, बाहरी फायर एस्केप नहीं था और फायर सेफ्टी उपकरण भी काम नहीं कर रहे थे। आरोप है कि अनुमति से अधिक कमरे बनाकर अवैध निर्माण किया गया था।पुलिस के मुताबिक, होटल प्रबंधन और संचालन का जिम्मा अन्य लोगों को सौंपा गया था। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग तेजी से फैलने के कारण कई लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों ने मिलकर दर्जनों लोगों को बचाया। पुलिस ने मामले में होटल मालिक को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है, जबकि हादसे के कारणों और जिम्मेदारों की भूमिका की विस्तृत पड़ताल जारी है।