
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महाराजपुर के पुरवामीर में दरोगा पर मुफ्त में पान मसाला लेने और अभद्रता के आरोपों से जुड़े मामले ने नया मोड़ ले लिया है। विवाद के बीच दुकानदार को दुकान खाली करनी पड़ी, जिसके बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।दुकानदार के पुत्र नीरज सिंह ने आरोप लगाया कि संबंधित दरोगा ने पहले दुकान बंद कराने की चेतावनी दी थी। उनका कहना है कि दबाव के चलते दुकान खाली करनी पड़ी, जिससे परिवार की आजीविका प्रभावित हुई है।मामले का वीडियो सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारी और व्यापारी महाराजपुर थाने पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की।सूचना पर पहुंचे एसीपी कैंट अमित चौरसिया ने व्यापारियों से वार्ता कर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश वर्मा ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है।