news-details

दुबई में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, 11 दिन बाद भी नहीं लौट सका शव

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज के फूलपुर इलाके के रहने वाले 26 वर्षीय रंगबहादुर पटेल की दुबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी मौत के 11 दिन बाद भी शव वहीं दुबई में ही है, जिससे परिवार गहरे सदमे में है। परिजन लगातार शव भारत लाने की मांग कर रहे हैं और प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगा रहे हैं।फूलपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर माफी गांव निवासी रंगबहादुर पटेल 26 जनवरी को दुबई की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने गए थे, जहां वे पेंटिंग का कार्य करते थे। पत्नी अनिता के अनुसार 26 अप्रैल की रात उनकी पति से मोबाइल पर बातचीत हुई थी, जिसमें सब कुछ सामान्य था। लेकिन उसी रात करीब दो बजे एक तस्वीर मिली, जिसमें रंगबहादुर बेसुध हालत में दिखाई दे रहे थे।परिजनों को बताया गया कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां अगले दिन 27 अप्रैल को उनकी मौत हो गई।रंगबहादुर अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी अनिता, मां प्रेम देवी और तीन छोटी बेटियां लगातार रो-रोकर बेहाल हैं। बच्चों को अभी तक पिता की मौत की पूरी जानकारी नहीं दी गई है।मां प्रेम देवी ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने 26 तारीख को बेटे से बात की थी और वह बिल्कुल ठीक था। अचानक मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया। उन्होंने सरकार से गुहार लगाई है कि बेटे का शव भारत लाया जाए ताकि वह अंतिम बार उसका चेहरा देख सकें।परिजनों के अनुसार रंगबहादुर करीब चार महीने पहले बेहतर रोजगार की उम्मीद में दुबई गया था। वहां उसे एक कंपनी में काम मिला और रहने की भी व्यवस्था थी। परिवार को उम्मीद थी कि आर्थिक स्थिति सुधरेगी, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सब कुछ बदल दिया।दुबई में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन कागजी कार्रवाई के कारण शव भारत नहीं आ सका है। परिवार लगातार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर रहा है।रंगबहादुर के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घर में अब मां, पत्नी, तीन बेटियां और एक विकलांग बहन हैं। परिवार पर न केवल भावनात्मक बल्कि आर्थिक संकट भी गहरा गया है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।