news-details

TGT परीक्षा में अंग्रेजी और बायोलॉजी का पेपर कठिन, अभ्यर्थियों ने जताई नाराजगी

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPTGT) की टीजीटी भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन गुरुवार को आगरा में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पहली पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले कई अभ्यर्थियों ने अंग्रेजी और बायोलॉजी विषय के प्रश्नपत्र को अपेक्षाकृत कठिन बताया। कुछ अभ्यर्थियों ने अंग्रेजी के कई प्रश्न सिलेबस से बाहर होने का भी दावा किया।अभ्यर्थी नीतू सिंह ने बताया कि अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र उम्मीद से ज्यादा कठिन था और उसमें कुछ सवाल ऐसे थे जो निर्धारित पाठ्यक्रम से बाहर के प्रतीत हुए। वहीं नीतू उपाध्याय ने कहा कि कठिन प्रश्नों के कारण समय प्रबंधन में परेशानी हुई। बायोलॉजी विषय की अभ्यर्थी शालिनी ने भी पेपर को चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि कई प्रश्न अवधारणात्मक थे, जिन्हें हल करने में अधिक समय लगा।पहली पाली में अंग्रेजी, होम साइंस, बायोलॉजी और इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक विषयों की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक 19 केंद्रों पर आयोजित की गई। इस पाली में 8,098 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। दूसरी पाली में संस्कृत, कॉमर्स और आर्ट्स विषयों की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें 5,153 अभ्यर्थी शामिल होंगे।गौरतलब है कि परीक्षा के पहले दिन जिले में 18,195 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से केवल 7,574 ने परीक्षा दी थी, जबकि 10,621 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे। परीक्षा प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए गए हैं।