
PARDARSHI VIKASH NEWS महाराष्ट्र के नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (TCS) ऑफिस में सामने आए यौन उत्पीड़न और कथित जबरन धर्मांतरण मामले में दाखिल चार्जशीट में नए और गंभीर खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से महिला कर्मचारियों को निशाना बनाया और मानसिक दबाव बनाकर उन्हें प्रभावित करने की कोशिश की। पीड़िताओं के बयान में दावा किया गया है कि उन्हें इस्लामिक धार्मिक वीडियो दिखाए जाते थे, जिनमें तारिक जमील और जाकिर नाइक जैसे उपदेशकों के वीडियो शामिल थे, ताकि उनके विचारों और आस्था को प्रभावित किया जा सके।चार्जशीट के मुताबिक, आरोपियों ने महिलाओं पर भजन सुनना और मंदिर जाना छोड़ने का दबाव बनाया और धार्मिक परिवर्तन के लिए मानसिक रूप से प्रभावित करने की कोशिश की। कई पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि ऑफिस के भीतर यौन उत्पीड़न, अश्लील टिप्पणियां और अनुचित व्यवहार किया गया। इसके अलावा शादी का झांसा देकर शोषण और आर्थिक व निजी जानकारी के आधार पर टारगेट करने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। पुलिस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले में 106 गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने एक वॉट्सएप ग्रुप बनाया था, जिसमें कर्मचारियों को टारगेट करने और उनसे जुड़ी गतिविधियों पर चर्चा की जाती थी। पुलिस इस डिजिटल सबूत की गहन जांच कर रही है। वहीं, पीड़ित महिलाओं ने शिकायत में कहा है कि उन्होंने कई बार HR और प्रबंधन को जानकारी दी, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं हुई। TCS ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि कंपनी किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाती है और जांच में पूरा सहयोग कर रही है।