
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से तहसील मुख्यालय हाटा में आयोजित तहसील दिवस में शनिवार को बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। उपजिलाधिकारी योगेश्वर सिंह ने जनसुनवाई करते हुए लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। तहसील दिवस में कुल 34 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से दो मामलों का तत्काल समाधान कर दिया गया।जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरण, पुलिस मामलों तथा विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर एसडीएम ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।एसडीएम योगेश्वर सिंह ने शेष 32 लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मामलों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच की जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।तहसील दिवस में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीद जताई। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी।इस अवसर पर तहसीलदार जया सिंह, कानूनगो देबा प्रसाद, लेखपाल सचिंद्र गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।एसडीएम योगेश्वर सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि प्रत्येक शिकायत का प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो सके।