
वीडियो आया सामने, एसडीएम ने जांच के आदेश दिए
PARDARSHI VIKASH NEWS अमेठी । तहसील परिसर में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। सोशल मीडिया पर एक मारपीट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि तहसील में ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) प्रमाण पत्र बनवाने आए एक युवक से पैसे की मांग की गई थी।पीपरपुर थाना क्षेत्र के लहना गांव निवासी अनुभव सिंह ने आरोप लगाया है कि ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उनसे कानूनगो के नाम पर धनराशि मांगी गई। पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। यह घटना सोमवार को हुई बताई जा रही है।उपजिलाधिकारी पंकज मिश्र ने बताया कि तहसील परिसर में हुई मारपीट की घटना की जानकारी मिली है और प्रकरण की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी कर्मचारी या राजस्व कर्मी द्वारा अवैध रूप से धन की मांग की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप सभी प्रमाण पत्र एवं राजस्व संबंधी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत किए जाते हैं तथा किसी भी प्रकार की रिश्वतखोरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।