news-details

त्योहारों पर सुरक्षा सख्त, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

You can share this post!

 

डीएम संजय चौहान और एसपी केशव कुमार ने शांति समिति की बैठक में दिए निर्देश

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर। आगामी नवरात्रि, दशहरा, धनतेरस और दीपावली सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी संजय चौहान और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा, यातायात, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई और मूर्ति विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी त्योहार परंपरागत तरीके से आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाएं। जुलूस मार्गों और विसर्जन स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर लटकते बिजली के तारों, झुकी डालियों तथा खुली नालियों की समस्याओं का समय से समाधान कराया जाए। विसर्जन स्थलों पर प्रकाश, पेयजल और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।रामलीला और रावण दहन कार्यक्रमों में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा। महिला दर्शकों के बैठने की व्यवस्था और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। पटाखों की बिक्री निर्धारित स्थलों पर ही होगी।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पूजा पंडालों में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा के नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए। पंडाल हाईटेंशन तारों के नीचे या ट्रांसफार्मर के पास नहीं बनाए जाएंगे। डीजे की आवाज निर्धारित सीमा में रखने तथा भड़काऊ और आपत्तिजनक गानों पर रोक लगाने को कहा गया।डीएम ने लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने से बचने और संदिग्ध सूचनाओं की पुष्टि किए बिना साझा नहीं करने की अपील की। छठ घाटों पर नाव, प्रशिक्षित गोताखोर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। आपात स्थिति में डायल-112 पर सूचना देने की अपील की गई।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, एडीएम पवन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, सीओ, संबंधित अधिकारी और पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।