
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 10 नवंबर तक चलेगा। जिले में रोड रेस्टोरेशन का कार्य 67 प्रतिशत पूरा हो चुका है। निर्धारित 12 किलोमीटर लक्ष्य के सापेक्ष आठ किलोमीटर सड़क की मरम्मत पूरी की जा चुकी है।जल जीवन मिशन के तहत जिले में कुल 487 परियोजनाएं हैं। 944 राजस्व गांवों में से 650 गांवों में जलापूर्ति हो रही है। वहीं, 492 के लक्ष्य के सापेक्ष 425 ओवरहेड टैंक निर्मित हो चुके हैं और 300 से अधिक परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं।जलापूर्ति और जल जीवन मिशन से जुड़ी शिकायतें भी सामने आ रही हैं। जनवरी से अब तक आईजीआरएस पोर्टल पर 1,029 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 606 का निस्तारण किया गया है। अधिकांश शिकायतें नियमित जलापूर्ति और घरेलू कनेक्शन से संबंधित हैं।प्रभारी अधिशासी अभियंता डीपी गौतम ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़कों की जानकारी ऑनलाइन माध्यम या जल सारथी ऐप से दी जा सकती है। उन्होंने 10 नवंबर तक शिकायतों के निस्तारण का आश्वासन दिया।