
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जूही क्षेत्र में मेट्रो निर्माण के बाद भी सड़क की मरम्मत न होने से नाराज पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया ने शनिवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों और व्यापारियों के साथ कीचड़ में लोटकर, नारेबाजी कर तथा दूध और फूल चढ़ाकर सड़क निर्माण की मांग उठाई।जूही वार्ड-14 के पूर्व पार्षद सुनील कनौजिया ने आरोप लगाया कि हमीरपुर रोड पर मेट्रो निर्माण के लिए करीब दो वर्ष पहले सड़क खोदी गई थी, लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद अब तक सड़क दुरुस्त नहीं कराई गई है। इसके चलते क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और स्थानीय व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।श्याम पैलेस के पास आयोजित प्रदर्शन के दौरान सुनील कनौजिया ने टूटी सड़क पर दंडवत किया और जलभराव वाली जगह पर लेटकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने मेट्रो प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द सड़क निर्माण की मांग की।पूर्व पार्षद ने आरोप लगाया कि मेट्रो परियोजना के दौरान क्षेत्र में कई अव्यवस्थाएं पैदा हुई हैं। उन्होंने सीवर और पेयजल लाइनों के गलत तरीके से डायवर्जन का भी आरोप लगाया तथा जलकल और जल निगम के पुराने नक्शों से मिलान कर जांच कराने की मांग की।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्रीय व्यापारी और स्थानीय लोग मेट्रो कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों के खिलाफ प्रतीकात्मक पूजा-अर्चना कर विरोध दर्ज कराएंगे।प्रदर्शन में राजेश शाहू, लक्ष्मी देवी, केसा देवी, राजकुमार गुप्ता, बबलू गुप्ता, संदीप गौतम, हिमांशु त्रिवेदी, पूरन यादव, अविनाश सिंह, रौनक गौतम और रामायण यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
पिछले दो वर्षों से जूही क्षेत्र की जनता और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठा रहा हूं। मेट्रो निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद सड़क आज भी टूटी और बदहाल स्थिति में है। रोजाना लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, व्यापार प्रभावित हो रहा है और आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत और अनुरोध किया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर हमें यह प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। हमारी मांग है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराया जाए, अन्यथा क्षेत्र की जनता के साथ हमारा आंदोलन और तेज होगा।-सुनील कनौजिया