
पारदर्शी विकास न्यूज़।
इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के उदयपुरा गांव के पास बुधवार शाम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसीसी) रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।मृतक की पहचान बसरेहर थाना क्षेत्र के अकबरपुर निवासी रामकिशन उर्फ छोटे (45) के रूप में हुई। पुलिस को घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान की गई और परिजनों को सूचना दी गई। ग्रामीणों के अनुसार रामकिशन सब्जी का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हादसा है या आत्महत्या। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।