
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के आवास विकास स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल में बन रहे निर्माणाधीन क्रिटिकल यूनिट (ट्रामा सेंटर) का भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने और इसे जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि गंभीर और आपातकालीन मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।निरीक्षण की शुरुआत में सांसद ने सीएमएस आवास और क्रिटिकल यूनिट के सामने पीपल का पौधा भी लगाया। इसके बाद उन्होंने ट्रामा सेंटर के अंदर जाकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। फर्श की फिनिशिंग सही न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और मशीन से बेहतर तरीके से फिनिशिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और मानचित्र सहित संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की।इस दौरान सांसद ने कहा कि यह क्रिटिकल केयर यूनिट फर्रुखाबाद के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगी। इसके शुरू होने से जिले और आसपास के क्षेत्रों के दुर्घटनाग्रस्त व गंभीर मरीजों को तुरंत उपचार मिल सकेगा, जिससे कई जिंदगियां बचाई जा सकेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि आसपास के जिलों में ऐसा ट्रामा सेंटर न होने से इसकी उपयोगिता और बढ़ जाती है।वहीं, अस्पताल प्रशासन द्वारा स्टाफ की कमी का मुद्दा उठाए जाने पर सांसद ने आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और उपमुख्यमंत्री से बात करेंगे, ताकि ट्रामा सेंटर के लिए ऑर्थो, न्यूरो सहित अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों और पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था की जा सके।