news-details

टैपको मजदूरों ने वित्त मंत्री और कानपुर सांसद को भेजा मांगपत्र, बकाया भुगतान व पेंशन की मांग तेज

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

टैपको मजदूर संघर्ष समिति की एक आवश्यक बैठक परशुराम वाटिका आर्य नगर में मजदूर नेता श्रीकृष्ण की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 मई श्रमिक दिवस के अवसर पर टैपको के कर्मचारी व मजदूर वित्त मंत्री और कानपुर सांसद रमेश अवस्थी सहित विधायकों को चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग करेंगे।

बैठक में मजदूरों ने मांग की कि मृत श्रमिकों का बकाया भुगतान शीघ्र किया जाए तथा उनके परिवारों को 7500 रुपये मासिक पेंशन दी जाए। साथ ही जीवित मजदूरों के लिए भी समान पेंशन लागू करने की मांग रखी गई।

मीडिया प्रभारी रमेश सिंहवानी और सह-मीडिया प्रभारी राम प्रसाद ने बताया कि टैपको वर्ष 2001 में लिक्विडेशन के तहत बंद कर दिया गया था, जिसके बाद मजदूरों को बिना भुगतान के कॉलोनी खाली करवा दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार धरना-प्रदर्शन के बावजूद अब तक बकाया भुगतान और पेंशन संबंधी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे बड़े आंदोलन की राह अपनाएंगे। बैठक में यह भी तय हुआ कि 25 अप्रैल को आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी और इसकी जानकारी सभी सदस्यों को दी जाएगी।

इस अवसर पर मृत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में मजदूर और पदाधिकारी मौजूद रहे।