news-details

तीन वार्डों में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ सीसी सड़क

You can share this post!

 नाली और नाला निर्माण से बदलेगी तस्वीर

पारदर्शी विकास न्यूज़  ललितपुर। नगर पालिका परिषद ने नगर के समग्र एवं संतुलित विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए गुरुवार को वार्ड संख्या 6, 16 और 19 में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले सीसी सड़क, नाली एवं नाला निर्माण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में भूमि पूजन कर विकास कार्यों की शुरुआत की और संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। भूमि पूजन के दौरान नपाध्यक्ष ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए जलभराव और खराब सड़कों की समस्या वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वार्ड संख्या 6 (रामनगर) में आरटीओ कार्यालय से सिंचाई विभाग की पुलिया तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। वहीं वार्ड संख्या 16 (आजादपुरा प्रथम) के मदनपुर के पीछे स्थित माधव नगर क्षेत्र में दो सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया गया। इसके अलावा वार्ड संख्या 19 (आजादपुरा) में भरतपुरा हाउस से आगे तक नाला निर्माण एवं उसके चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ कराया गया। नपाध्यक्ष ने अवर अभियंता निधि पाण्डेय को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि नगर का विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और जनहित के कार्य ही नगर पालिका की प्राथमिकता हैं तथा प्रत्येक वार्ड तक विकास की किरण पहुंचाना परिषद का संकल्प है। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद क्षेत्रवासियों ने पालिका अध्यक्ष का पुष्पमालाओं से स्वागत किया और नगर में लगातार कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि इन क्षेत्रों में लंबे समय से जलभराव और जर्जर मार्गों की समस्या बनी हुई थी, जिसके समाधान के लिए अब प्रभावी पहल की गई है। उन्होंने पालिका अध्यक्ष द्वारा नियमित वार्ड भ्रमण, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और विकास कार्यों की सतत निगरानी की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतिनिधि मुन्ना लाल जैन, वार्ड पार्षद रजनी रजक, शिवानी कुशवाहा, पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, अमित कुशवाहा, अमित नायक, अवर अभियंता खुशबू खान, निधि पाण्डेय, सेवानिवृत्त वरिष्ठ लिपिक रमाकांत तिवारी, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार, नजूल लिपिक सुधीर रावत, बद्री कुशवाहा सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।