news-details

SMS अस्पताल में शुरू हुई रोबोटिक फिजियोथेरेपी, गंभीर मरीजों की रिकवरी में मिलेगी मदद

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS जयपुर के सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल के रीजनल रिहैबिलिटेशन सेंटर में करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से रोबोटिक फिजियोथेरेपी सेवा शुरू की गई है। यह तकनीक विशेष रूप से पैरालाइसिस, स्पाइनल इंजरी, ब्रेन इंजरी और गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्याओं से जूझ रहे मरीजों की रिकवरी में सहायक मानी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे मरीजों को नियमित और सटीक एक्सरसाइज कराना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन रोबोटिक तकनीक इस प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बना सकती है।रोबोट की सबसे बड़ी विशेषता इसकी प्रोग्रामिंग क्षमता है। फिजियोथेरेपिस्ट मरीज की स्थिति के अनुसार एक बार आवश्यक डेटा सेट करता है, जिसके बाद मशीन स्वतः निर्धारित मूवमेंट और एक्सरसाइज कराती है। इससे मरीज को बार-बार एक जैसी और सटीक थेरेपी मिलती है, जिससे रिकवरी की गति बेहतर हो सकती है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार एक मरीज की रोबोटिक थेरेपी में लगभग 45 मिनट का समय लगता है।SMS अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी के मुताबिक यह तकनीक उन मरीजों के लिए विशेष रूप से लाभदायक है जो स्वयं शरीर के अंगों को हिलाने-डुलाने में सक्षम नहीं हैं। लगातार नियंत्रित मूवमेंट से मांसपेशियों और मस्तिष्क के बीच समन्वय बेहतर करने में मदद मिलती है। हालांकि अस्पताल में फिलहाल एक ही रोबोट उपलब्ध है, जबकि प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। भविष्य में इस सुविधा का विस्तार किए जाने की योजना है।