
PARDARSHI VIKASH NEWS देवरिया के हेतिमपुर नगर पंचायत स्थित मठिया में ॐ शिव शक्ति संकट मोचन मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय शत चंडी महायज्ञ के सातवें दिन सोमवार को रामलीला कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में राम वनवास, शूर्पणखा प्रसंग, लक्ष्मण द्वारा नाक काटना, मारीच वध, सीता हरण तथा राम-सुग्रीव मिलन जैसे दृश्यों का सजीव प्रदर्शन किया गया। कलाकारों के अभिनय और संवादों ने पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।स्वर्ण मृग बने मारीच का वध और साधु वेश में रावण द्वारा माता सीता के हरण का दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं वन में हनुमान और सुग्रीव से प्रभु श्रीराम के मिलन पर श्रद्धालुओं ने जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान कर दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि देसही ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति सनातन संस्कृति की सबसे बड़ी आधारशिला है। धार्मिक आयोजनों में माताओं-बहनों की भूमिका समाज को धर्म और संस्कारों से जोड़कर रखती है। उन्होंने कहा कि जहां महायज्ञ और रामकथा होती है वहां स्वयं भगवान का वास होता है।उन्होंने प्रभु श्रीराम के जीवन को त्याग, मर्यादा, समर्पण और आदर्शों का प्रतीक बताते हुए कहा कि रामकथा हमें परिवार, समाज और रिश्तों को निभाने की सीख देती है। कार्यक्रम के अंत में आरती और प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।